बड़ी खबर: तेलगाड में बोल्डरों की बौछार, भागीरथी का प्रवाह थमा।दहशत में हर्षिल घाटी

तेलगाड में बोल्डरों की बौछार, भागीरथी का प्रवाह थमा। दहशत में हर्षिल घाटी

उत्तरकाशी। धराली आपदा के बाद रविवार शाम हर्षिल घाटी एक बार फिर संकट में घिर गई। भारी बारिश से उफान पर आई तेलगाड नदी ने मलबे और विशाल बोल्डरों के साथ रौद्र रूप धारण कर लिया।

प्रशासन ने एहतियातन हर्षिल बाजार, जीएमवीएन गेस्ट हाउस, पुलिस थाना और नदी किनारे के सभी भवन खाली करा दिए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी से लगातार आ रहा मलबा और बोल्डर भागीरथी नदी का प्रवाह रोक रहे हैं, जिससे झील बनने और जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ने का खतरा है।

दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए। मलबे की धाराएं कई बार गंगोत्री हाईवे और भागीरथी की ओर बढ़ीं। स्थिति को देखते हुए आर्मी कैंप को भी अलर्ट पर रखा गया है।

धराली क्षेत्र में खीरगंगा का मलबा पहले से बह रहा है, अब तेलगाड से आ रहे विशाल बोल्डरों ने हर्षिल घाटी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। फिलहाल, प्रशासन और सेना की टीमें मौके पर तैनात हैं और हालात पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।