टेबल टेनिस खिलाड़ी स्तुति कुकरेती को SGRR विश्वविद्यालय ने किया सम्मानित
- महंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने प्रदान किया ₹25,000 का प्रोत्साहन चेक
देहरादून। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, रेसकोर्स की मेधावी छात्रा स्तुति कुकरेती ने टेबल टेनिस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड और एसजीआरआर समूह का नाम गौरवान्वित किया है।
मसूरी स्थित सेंट जॉर्ज कॉलेज में आयोजित 19वीं मेनोराइट इन्विटेशनल टेबल टेनिस प्रतियोगिता में उन्होंने अंडर-19 बालिका वर्ग में खिताबी जीत हासिल की। इस उपलब्धि पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने स्तुति को ₹25,000 का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह का आयोजन बुधवार को श्री दरबार साहिब परिसर में किया गया, जहां विश्वविद्यालय प्रशासन, स्कूल प्रतिनिधियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में स्तुति को सम्मानित किया गया।
महंत देवेंद्र दास जी महाराज ने स्तुति को बधाई देते हुए कहा कि एसजीआरआर समूह प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें प्रोत्साहित करने में सदैव अग्रणी रहा है।
प्रतियोगिता में दिखाया दमखम
मसूरी में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 17 नामचीन स्कूलों के 130 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में स्तुति ने वेल्हम गर्ल्स स्कूल की रिहा ममगाईं को सीधे सेटों में 3-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
विद्यालय और शिक्षकों की प्रसन्नता
विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रतिभा अत्री ने स्तुति की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि, “वह न केवल पढ़ाई में मेधावी हैं, बल्कि खेलकूद में भी निरंतर उत्कृष्टता प्राप्त कर रही हैं। उनकी यह जीत अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा है।”
उन्होंने बताया कि एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के अंतर्गत संचालित स्कूलों में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को हर स्तर पर प्रोत्साहित किया जाता है, और यह सब संभव हो पाया है श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज के मार्गदर्शन में।
परिवार और मार्गदर्शकों का योगदान
स्तुति के पिता श्री सुयश कुकरेती एक वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और माता श्रीमती कल्पना कुकरेती उत्तराखंड राज्य सरकार में सेवाएं दे रही हैं। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक श्री अनिल चंद्र कंडवाल ने प्रतियोगिता की तैयारी में स्तुति का मार्गदर्शन किया और उन्हें निरंतर प्रेरित किया।
विद्यालय परिसर में स्तुति की इस उपलब्धि से हर्ष और गर्व का वातावरण है। छात्र-छात्राओं में भी उत्साह है और वह स्तुति से प्रेरणा लेकर खेलों में आगे बढ़ने को तत्पर हैं।