अपराध पर कड़ा प्रहार। 6 महीने के लिए 5 गुंडे देहरादून से बाहर
देहरादून। जिला प्रशासन ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पांच व्यक्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जनपद की सीमा से बाहर कर दिया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह कार्रवाई धारा 3(3) के अंतर्गत जनहित और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
निष्कासित अपराधियों में फरीद हुसैन (थाना नेहरू कॉलोनी), आदित्य त्यागी व आसिफ (थाना विकासनगर), प्रदुमन थापा और शादाब अंसारी (थाना रायपुर) शामिल हैं।
इन सभी के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौच, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, लूटपाट, व अवैध शस्त्र रखने जैसे गंभीर आरोप हैं। ये सभी फिलहाल जमानत पर बाहर हैं, लेकिन अब भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है।
प्रशासनिक आदेश के मुख्य बिंदु:
- सभी पांचों व्यक्तियों को गुंडा घोषित किया गया है।
- आगामी 06 महीने तक जनपद की सीमा से बाहर रहना अनिवार्य किया गया है।
- अपने नए निवास स्थान का पता जिलाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष को देना होगा।
- आदेश के उल्लंघन पर 06 महीने से 03 वर्ष तक की कठोर सजा और जुर्माना लागू होगा।
- आदेश की तामील के लिए पुलिस को 24 घंटे में रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार, उपरोक्त सभी व्यक्ति पुनः अपराधों में लिप्त पाए गए, और समय-समय पर भेजे गए नोटिसों के बावजूद न तो अदालत में उपस्थित हुए और न ही कोई आपत्ति दर्ज कराई।
जिलाधिकारी न्यायालय ने मौजूदा साक्ष्यों और रिपोर्ट्स के आधार पर कार्रवाई को जनहित में उचित मानते हुए यह सख्त आदेश पारित किया है।