बड़ी खबर: पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी के घर विजिलेंस की छापेमारी। मचा हड़कंप

पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी के घर विजिलेंस की छापेमारी। मचा हड़कंप

देहरादून। बीते शुक्रवार को लक्सर के ग्राम विकास अधिकारी रामपाल को गिरफ्तार करने के बाद विजिलेंस ने देहरादून में छात्रवृत्ति घोटाले में आरोपी अनुराग शंखधर के घर छापा मारा है।

आय से अधिक संपत्ति की जांच में विजिलेंस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विजिलेंस ने आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुराग शंखधर की घर की तलाशी में दो लाख रुपए नगद, जमीन के दस्तावेज समेत कई महत्वपूर्ण कागजात बरामद किए।

अनुराग शंखधर के वसंत विहार व अजबपुर कलां के ठिकानों में छापेमारी की है। बहुचर्चित छात्रवृत्ति घोटाले के आरोपी अनुराग शंखधर के आवास से विजिलेंस को कई जानकारी हाथ लगी है।

विजिलेंस ने शनिवार को देहरादून स्थित आवास की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो लाख नकद, दो भवन के कागजात, वाहन होण्डा WRB तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख मिले।

अनुराग शंखधर छात्रवृति घोटाले में जेल भी जा चुके हैं। बतौर जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुराग शंखधर ने छात्रवृति व विभागीय निर्माण से जुड़े प्रोजेक्ट्स में काफी धांधली की।

विजिलेंस एसएसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि, बरामद चल-अचल सम्पत्ति के विवरण को जांच में सम्मिलित कर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

गौरतलब है कि, थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में पंजीकृत मु०अ०सं०-12/2024 धारा 13 (1)ई सपठित धारा 13(2) PC Act-1988 (संशोधित अधिनियम-2018) की विवेचना के क्रम में अभियुक्त अनुराग शंखधर, तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी, ऊधमसिंह नगर के आवास की तलाशी ली गयी थी। बताया जा रहा है कि विजिलेंस की टीम को तलाशी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले है, जिन्हें टीम ने अपने कब्जे में ले लिया हैं।

जनता से अपील

यदि कोई राज्य के सरकारी विभागों में नियुक्त अधिकारी/ कर्मचारी एवं लोक सेवक द्वारा लोक कर्तव्य के निर्वहन में अपने आचरण द्वारा या अन्य प्रकार के असम्यक लाभ (पारितोषण) हेतु अवैध मांग या किसी को प्रेरित कराकर रिश्वत (उत्कोच) की मांग की जाती है या उसके द्वारा आय से अधिक अवैध सम्पत्ति अर्जित की गयी हो, तो इस सम्बन्ध में सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाइन नम्बर-1064 एवं Whatsapp नम्बर 9456592300 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में निर्भीक होकर सूचना दें।