बड़ी खबर: इधर प्रधान जी की गई प्रधानी, उधर अनुसूचित जाति की महिला ग्राम प्रधान का अपमान, मुकदमा दर्ज

इधर प्रधान जी की गई प्रधानी, उधर अनुसूचित जाति की महिला ग्राम प्रधान का अपमान, मुकदमा दर्ज

देहरादून। जिलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने अवगत कराया कि, समीर अहमद पुत्र सलीम अहमद निवासी ग्राम व पो०सहसपुर के द्वारा 27.08.2020 को प्रस्तुत किए गए शिकायती पत्र द्वारा शिकायत की गयी कि, अनीस अहमद प्रधान ग्राम पचांयत सहसपुर के द्वारा वर्ष 2006 इण्टरमीडिएट (व्यक्तिगत) अनुक्रमांक 208465 फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्रों प्रस्तुत कर प्रधान पद हासिल किया गया है।

समीर अहमद द्वारा उक्त प्रकरण में न्यायालय विहित प्राधिकारी / उपजिलाधिकारी के न्यायालय में वाद सं0-05/2020 योजित किया गया था।

न्यायालय विहित प्राधिकारी / उपजिलाधिकारी, विकासनगर, द्वारा चुनाव याचिका सं0-05/2020 धारा-131 ज उत्तराखण्ड पंचायतीराज अधिनियम, समीर अहमद बनाम अनीश अहमद आदि याचिका में 09.07.2024 को पारित आदेश में करते हुए ”विवेचना के आधार पर याची की याचिका आंशिक रुप से स्वीकार करते हुए विपक्षी सं० 01 के ग्राम सभा सहसपुर विकास खण्ड सहसपुर जिला देहरादून से प्रधान पद के नामांकन व निर्वाचन को अवैध व शून्य घोषित किया गया है।”

जिलाधिकारी द्वारा उक्त आदेशो के क्रम में अनीश अहमद प्रधान, ग्राम पंचायत सहसपुर, विकास खण्ड सहसपुर को प्रधान पद से तत्काल प्रभाव से पदच्युत किया गया है।

अनुसूचित जाति की महिला ग्राम प्रधान का अपमान, 6 से अधिक महिलाओं पर मुकदमा दर्ज

चंपावत। उत्तराखंड के चंपावत जिले में एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने अनुसूचित जनजाति की महिला ग्राम प्रधान का न सिर्फ अपमान किया, बल्कि महिला ग्राम प्रधान के सम्मान को भी ठेस पहुंचाई है।

ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने 6 से ज्यादा महिलाओं के खिलाफ बनबसा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि, बीते दिनों चंपावत जिले के बनबसा क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए थे। इस बाढ़ से इलाके के कई गांव प्रभावित हुए थे, जिसमें से एक गांव गुदमी भी था। बाढ़ के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इलाके का हवाई दौरा किया था।

इसके बाद सीएम धामी ने टनकपुर में बाढ़ पीड़ितों की समस्या भी सुनी थी। हालांकि, सीएम धामी से गुदमी गांव के लोग नहीं मिल पाए थे, जिस कारण उनमें आक्रोश था। इसलिए लोगों ने ग्राम प्रधान विनीता राणा के खिलाफ काफी नाराजगी थी।

सीएम धामी के दौरे के अगले दिन यानी 10 जुलाई को प्रशासन की टीम के साथ ग्राम प्रधान गांव में राहत सामग्री बांटने गई थी, तभी ग्रामीणों का गुस्सा ग्राम प्रधान पर फूट पड़ा।

उन्होंने बेहद गलत तरीके से महिला ग्राम प्रधान को आपमानित किया। आरोप है कि ग्रामीणों ने महिला ग्राम प्रधान को जातिसूचक शब्द भी कहे।

ग्राम प्रधान ने इस मामले में गुरुवार 11 जुलाई को बनबसा थाने में नामजद तहरीर दी है। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एसपी चंपावत अजय गणपति ने मामले का संज्ञान लेते हुए सीओ शिवराज सिंह राणा को मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

बनबसा थानाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह जगवाण ने बताया कि, पुलिस ने हेमा खड़ायत, लीला दिगारी, जानकी कलौनी, निर्मला दिगारी, रोहित जेम्स, पिंकी जेम्स, संजीत सिंह, दिनेश कलौनी, निखिल जेम्स तथा अन्य के धारा 115/351/352/192 भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 3(1) (डी) (एम) (आर) (एस) अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।