बड़ी खबर: देहरादून में प्रेम प्रसंग बना खूनी संघर्ष, छात्र-छात्रा ने एक-दूसरे पर किया चाकू से हमला

देहरादून में प्रेम प्रसंग बना खूनी संघर्ष, छात्र-छात्रा ने एक-दूसरे पर किया चाकू से हमला

देहरादून। राजधानी देहरादून के क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। प्रेम प्रसंग को लेकर हुए झगड़े में छात्र और छात्रा ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों छात्र क्लेमेनटाउन क्षेत्र स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में एमसीए प्रथम वर्ष में पढ़ाई करते हैं और ओगल भट्ठे के पास अलग-अलग निजी हॉस्टलों में रहते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था।

बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले बहस हुई, जो कुछ ही देर में गुस्से में बदल गई। इसी दौरान ताव में आकर युवती ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया और युवक ने भी युवती पर चाकू से वार कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के दौरान आसपास मौजूद छात्रों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है, जबकि युवती देहरादून के रायपुर क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही थाना क्लेमेनटाउन से पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। जांच में सामने आया है कि दोनों छात्र एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं और उनके बीच काफी समय से प्रेम संबंध था।

बताया जा रहा है कि हाल ही में युवती के किसी अन्य युवक के संपर्क में आने की जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के संबंध में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।