Weather Update: उत्तराखंड में 8 मार्च से बदलेगा मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में 8 मार्च से बदलेगा मौसम, ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी के आसार

देहरादून। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 8 मार्च से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। विभाग के मुताबिक 6 और 7 मार्च को प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 8 मार्च से 11 मार्च तक कई पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि 8 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ गर्जना और बिजली चमकने की संभावना है, जबकि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 9 मार्च से बारिश और बर्फबारी का दायरा और बढ़ सकता है। इस दिन उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

10 और 11 मार्च को भी इन जिलों में इसी तरह का मौसम रहने की संभावना जताई गई है। राज्य के मैदानी जिलों में हालांकि मौसम ज्यादातर शुष्क रहने का अनुमान है।
वहीं पिछले 24 घंटों में प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। दूसरी ओर चारधाम क्षेत्रों में अभी भी कड़ाके की ठंड बनी हुई है।

गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है, जबकि अगले महीने 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने की तैयारियां भी जारी हैं।