युवती से छेड़छाड़ के बाद घर में घुसकर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार। 15-20 के खिलाफ मुकदमा
देहरादून। राजधानी देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के राजीव नगर में युवती से जबरन रंग लगाने और छेड़छाड़ के बाद उसके घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विकास रावत और संजीव नेगी नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 15 से 20 अन्य लोगों के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
बताया जा रहा है कि युवती अनन्या काला होली खेलने के बाद अपने घर के बाहर स्कूटी पर बैठी थी, तभी दो युवक जबरन रंग लगाने की जिद करने लगे। मना करने पर उन्होंने छेड़छाड़ शुरू कर दी।
इसी दौरान युवती का दोस्त संभव अरोड़ा वहां पहुंचा और विरोध करते हुए दोनों घर के अंदर चले गए, लेकिन आरोपी युवकों ने घर में घुसकर हंगामा किया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
आरोप है कि बाद में दोनों युवक अपने साथ बड़ी संख्या में लोगों को लेकर वापस आए और घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे अस्मित राजपाल के साथ भी अभद्रता की गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मेडिकल कराकर पुलिस को शिकायत दी। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है।



