वीडियो: देहरादून के सौन्दर्यीकरण को नुकसान पहुंचाने वाले कैमरे में कैद। आप भी देखें….

देहरादून के सौन्दर्यीकरण को नुकसान पहुंचाने वाले कैमरे में कैद। आप भी देखें….

देहरादून। मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने सहस्त्रधारा रोड पर डिवाइडर में लगाए गए फूलों को उखाड़े जाने की घटना को गंभीरता से लिया है।

निरीक्षण के दौरान सामने आई इस घटना को शहर की सुंदरता और सार्वजनिक संपत्ति के साथ खिलवाड़ बताते हुए प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देखें वीडियो:-

 

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और डिवाइडरों पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और सजावटी पौधों का रोपण कराया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत सहस्त्रधारा रोड और राजपुर रोड समेत कई मार्गों को रंग-बिरंगे मौसमी फूलों और पौधों से सजाया गया है। प्राधिकरण की टीम द्वारा नियमित निरीक्षण के दौरान सहस्त्रधारा रोड पर डिवाइडर से कई पौधों को उखाड़े जाने की घटना सामने आई, जिसकी तस्वीरें भी टीम ने संकलित की हैं।

एमडीडीए के अनुसार सार्वजनिक धन से किए गए सौन्दर्यीकरण कार्यों को नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध है।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि शहर की हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखना प्राधिकरण की प्राथमिकता है और ऐसे कृत्यों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सचिव मोहन सिंह बर्निया ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए पौधों को नुकसान पहुंचाते हुए दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।