उत्तराखंड में मारपीट और सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं। विधायक निज़ामुद्दीन ने DGP को लिखा पत्र
देहरादून। उत्तराखंड के हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में हाल के दिनों में सामने आए मारपीट और कथित सांप्रदायिक तनाव से जुड़े मामलों ने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं।
हरिद्वार: ट्रक ड्राइवर से मारपीट, धर्म आधारित आरोपों से पुलिस का इनकार
22 फरवरी की रात कलियर-बहादराबाद मार्ग स्थित एक ढाबे के पास ट्रक ड्राइवर फिरोज आलम के साथ मारपीट की घटना सामने आई। पीड़ित का आरोप था कि कुछ युवकों ने उसका नाम और धर्म पूछने के बाद लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे उसके सिर में टांके आए और शरीर पर चोटें आईं।
शुरुआत में पीड़ित ने पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया था। बाद में हरिद्वार पुलिस ने मामला दर्ज किया।
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, घटना मारपीट की जरूर है, लेकिन जांच में अब तक धर्म पूछकर हमला किए जाने के कोई तथ्य सामने नहीं आए हैं।
पुलिस का कहना है कि ट्रक की आड़ में लघु शंका करने को लेकर विवाद हुआ, जो गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से नहीं जानते थे।
बहादराबाद थाने में दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच जारी है।
कनखल (हरिद्वार): रेहड़ी वाले को धमकाने वाला गिरफ्तार
हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें चंचल भारद्वाज नामक व्यक्ति एक रेहड़ी वाले से उसका धर्म पूछते हुए और क्षेत्र में न आने की धमकी देते हुए नजर आया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर शांतिभंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उधम सिंह नगर: नमाज पढ़ रहे व्यक्ति से मारपीट
उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में मंदिर परिसर के सामने खाली जमीन पर नमाज अदा कर रहे शाहिद नामक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला भी सामने आया।
आरोप है कि प्राचीन अटारिया मंदिर के प्रबंधक अरविंद शर्मा ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला 24 फरवरी का बताया जा रहा है।
विधायक ने डीजीपी को लिखा पत्र
हरिद्वार जिले की मंगलौर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर सांप्रदायिक आधार पर हो रही घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
उन्होंने पत्र में लिखा कि ऐसी घटनाएं सामाजिक सौहार्द, आपसी विश्वास और संवैधानिक मूल्यों के लिए गंभीर चुनौती हैं।
उन्होंने निष्पक्ष और त्वरित जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
जांच जारी, प्रशासन अलर्ट
तीनों मामलों में पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और राज्य में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए।



