बिग ब्रेकिंग: हरगोविंद पंत जिला महिला चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड ठप, दूरदराज़ से आई गर्भवतियां लौटीं बैरंग

हरगोविंद पंत जिला महिला चिकित्सालय में अल्ट्रासाउंड ठप, दूरदराज़ से आई गर्भवतियां लौटीं बैरंग

पिथौरागढ़। सीमांत जिले के हरगोविंद पंत जिला महिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटक गया है।

हफ्ते में केवल दो दिन (बुधवार और शुक्रवार) लगने वाले अल्ट्रासाउंड शिविर के ठप होने से दूर-दराज़ गांवों, नेपाल और चंपावत से पहुंची गर्भवतियों को बिना जांच कराए ही लौटना पड़ा।

महिलाओं ने बताया कि वे विशेष रूप से अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल पहुंची थीं,

लेकिन डॉक्टर के अवकाश पर होने की सूचना मिलने से उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को भी अल्ट्रासाउंड सेवा उपलब्ध नहीं होगी।

करीब पांच लाख की आबादी वाले जिले में केवल एक ही रेडियोलॉजिस्ट तैनात है, जिन पर गर्भवतियों समेत सभी मरीजों के अल्ट्रासाउंड की जिम्मेदारी है।

स्थानीय लोगों ने अस्पताल में स्थायी और अतिरिक्त रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की मांग उठाई है।

जिला अस्पताल में इन दिनों बुखार, जुकाम और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की भीड़ भी बढ़ी हुई है। पीएमएस डॉ. भागीरथी गर्याल ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट के ड्यूटी पर लौटते ही अल्ट्रासाउंड सेवा सुचारू कर दी जाएगी।