देहरादून में दिनदहाड़े गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या, प्रॉपर्टी विवाद एंगल की जांच
देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी को दिनदहाड़े हुई गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा दावा किया है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल तीनों शूटरों की पहचान कर ली गई है और,
गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ व दून पुलिस की टीमें अलग-अलग राज्यों में दबिश दे रही हैं।
मॉल में सीढ़ियों पर मारी गई गोली
13 फरवरी सुबह करीब 10:15 बजे दो हमलावर बाइक से मॉल पहुंचे। दोनों पैदल अंदर दाखिल हुए और जिम से बाहर निकलते ही सीढ़ियों पर विक्रम शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही विक्रम शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों शूटर पैदल बाहर निकले और तीसरे साथी के साथ बाइक से फरार हो गए।
प्रॉपर्टी विवाद और रंजिश एंगल
प्रारंभिक जांच में पुलिस रंजिश और प्रॉपर्टी विवाद को हत्या की मुख्य वजह मानकर चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, विक्रम शर्मा के शिष्य अखिलेश सिंह पर सुपारी देकर हत्या करवाने का शक है। बताया जा रहा है कि अखिलेश सिंह के खिलाफ झारखंड में हत्या समेत करीब 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
झारखंड कनेक्शन की जांच
पुलिस को संकेत मिले हैं कि शूटरों को झारखंड से आर्थिक मदद मिली हो सकती है। इस सिलसिले में देहरादून पुलिस ने जमशेदपुर पुलिस से भी संपर्क साधा है। विक्रम शर्मा का झारखंड में आपराधिक वर्चस्व रहा है,
जबकि उत्तराखंड में भी उसने करोड़ों की संपत्ति अर्जित की थी। काशीपुर में उसका स्टोन क्रशर संचालित होने की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस का दावा—जल्द होगा खुलासा
देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एसटीएफ और दून पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही है।
दिनदहाड़े मॉल में हुई इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।



