दोहरा हत्याकांड: रिश्ते, रंजिश या साजिश? पुलिस हर एंगल पर जांच में जुटी। जल्द खुलासे का दावा

दोहरा हत्याकांड: रिश्ते, रंजिश या साजिश? पुलिस हर एंगल पर जांच में जुटी। जल्द खुलासे का दावा

हल्द्वानी। गुरुवार सुबह शहर उस वक्त दहल उठा जब बरेली रोड स्थित मंडी परिसर के भीतर एक युवक और युवती के सिर कुचले शव बरामद हुए। घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

पुलिस जांच और साथियों से पूछताछ के बाद मृतकों की पहचान लक्ष्मी (19 वर्ष), निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल और शुभम कुमार टम्टा उर्फ गोलू (31 वर्ष), निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। दोनों के शव सिर पर पत्थर से वार कर कुचले गए पाए गए, जिससे हत्या की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटनास्थल सील, फॉरेंसिक जांच शुरू

सूचना मिलते ही पुलिस ने मंडी परिसर को सील कर दिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मौके पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एसपी सिटी ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

जांच में मिले कुछ अहम सुराग

जांच के दौरान पुलिस को मृत युवक शुभम के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक सिगार (ई-सिगार) बरामद हुई है। इसके अलावा घटनास्थल से कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है, जिसे जब्त कर जांच में शामिल किया गया है।

पुलिस हत्या के पीछे आपसी संबंध, रंजिश या अन्य किसी कारण सहित सभी संभावनाओं पर काम कर रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

पारिवारिक पृष्ठभूमि

शुभम छह भाई-बहनों में से एक था, चार बहनें और दो भाई। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार के अधिकांश सदस्य शिक्षा विभाग से जुड़े बताए जाते हैं।
लक्ष्मी आठ भाई-बहनों में छठे नंबर पर थी। उसके पिता पुजारी हैं। दो भाई और चार बहनों की शादी हो चुकी है।

लक्ष्मी बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और एक मेडिकल स्टोर में काम करती थी। पहले वह परिवार के साथ रहती थी, लेकिन नौकरी लगने के बाद कॉलेज और कार्यस्थल के पास मुखानी क्षेत्र में रहने लगी थी।

लक्ष्मी के भाई सुरेश ने बताया कि उन्हें सुबह मंडी चौकी से फोन के माध्यम से घटना की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि परिवार को किसी पर विशेष संदेह नहीं है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

रात के अंधेरे में सुनसान पड़े मंडी क्षेत्र में हुई इस निर्मम वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। क्या मंडी परिसर में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम थे? क्या रात में गश्त पर्याप्त थी? ये सवाल अब आमजन के बीच चर्चा का विषय हैं।

पुलिस का दावा

पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल जांच टीम हर कड़ी जोड़ने में जुटी है।