रुड़की में बच्चों की कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, परिजनों में लाठी-डंडे चले
रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के इमली रोड पर बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने अचानक उग्र रूप ले लिया।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ लोग एक-दूसरे के घरों तक पहुंच गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उनके साथ भी बदसलूकी की गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।
गौरतलब है कि रुड़की क्षेत्र में छोटे विवादों का हिंसक रूप लेना चिंता का विषय बनता जा रहा है। लगातार सामने आ रही मारपीट की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। हालांकि पुलिस कार्रवाई कर रही है, लेकिन ऐसे मामलों पर अंकुश लगाना बड़ी चुनौती बना हुआ है।


