उत्तराखंड में भूकंप के झटकों से डोली धरती, 3.4 रही तीव्रता
- सुबह 7:48 बजे 3.4 तीव्रता का भूकंप, प्रशासन अलर्ट
रिपोर्ट- अमित भट्ट
देहरादून। जिले में शुक्रवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि भूकंप से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूवैज्ञानिक केंद्रों के अनुसार सुबह 07:48:37 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई। भूकंप का उपकेंद्र 30.05° उत्तरी अक्षांश और 80.05° पूर्वी देशांतर पर स्थित था, जबकि इसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर बताई गई है।
भूकंप के झटके महसूस होते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि झटकों के बाद पूरे जिले में स्थिति का आकलन किया गया है। अब तक किसी भी क्षेत्र से किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है और आपातकालीन टीमें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे शांत रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी असामान्य घटना या संभावित क्षति की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को दें।
प्रशासन के अनुसार सभी तहसीलों से प्राप्त रिपोर्ट में फिलहाल भूकंप से किसी तरह के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।



