उत्तराखंड में अपराध, धोखाधड़ी और हादसों का कहर। कई लोगों की मौत, कई सलाखों के पीछे। पढ़ें….
देहरादून। उत्तराखंड में बीते 24 घंटों के भीतर अपराध, धोखाधड़ी, साइबर ठगी, सामाजिक तनाव और सड़क हादसों से जुड़े कई गंभीर मामले सामने आए हैं।
कहीं क्रिकेट लीग के नाम पर लाखों की ठगी हुई, तो कहीं सोशल मीडिया पर भड़काऊ बयान से माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। वहीं साइबर अपराध, पारिवारिक पलायन, सड़क दुर्घटनाएं और वन्यजीव संघर्ष ने भी प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
फर्जी क्रिकेट लीग का भंडाफोड़, 32 लाख की ठगी
हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित ईवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) पूरी तरह फर्जी निकली। अंतरराष्ट्रीय और रणजी खिलाड़ियों के नाम पर निवेशकों से करीब 32 लाख रुपये की ठगी की गई।
नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कथित आयोजक विकास ढाका को गिरफ्तार कर उसके दो बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। ठगी के शिकार लोगों में उत्तराखंड के पूर्व विधायक नारायण पाल भी शामिल हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
कोटद्वार बाबा दुकान विवाद: भड़काऊ बयान देने पर गिरफ्तारी
पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में बाबा दुकान विवाद के बीच सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ बयान देने के आरोप में यति परमानंद सरस्वती उर्फ दीपक बजरंगी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो से क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका थी। आरोपी के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखे हुए है।
डेटिंग एप के जरिए 76.90 लाख की साइबर ठगी
देहरादून में एक प्रॉपर्टी डीलर को डेटिंग एप पर दोस्ती करना भारी पड़ गया। युवती ने फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर 76 लाख 90 हजार रुपये की ठगी कर ली।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुद्रपुर में पड़ोसी विवाद, परिवार पलायन को मजबूर
रुद्रपुर के सुभाष कॉलोनी में पड़ोसी विवाद से परेशान एक परिवार ने अपने घर के बाहर ‘मकान बिकाऊ है’ का बोर्ड लगा दिया।
परिवार का आरोप है कि लगातार उत्पीड़न और मारपीट के बावजूद पुलिस ने पहले कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। अब मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
रामनगर में भीषण सड़क हादसा, दो डॉक्टर गंभीर घायल
रामनगर में नेशनल हाईवे-309 पर पिकअप और कार की टक्कर में दो डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के कारण कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा।
रुद्रप्रयाग में गुलदार का आतंक, ग्रामीणों में दहशत
रुद्रप्रयाग जिले के जखोली ब्लॉक में एक साथ तीन गुलदार देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत है। सिन्द्रवाणी में एक गुलदार को पिंजरे में कैद किया गया है, लेकिन यह वही आदमखोर है या नहीं, इसका खुलासा फॉरेंसिक जांच के बाद होगा। वन विभाग का सर्च ऑपरेशन जारी है।
खटीमा में जहरीली शराब का शक, दो की मौत
खटीमा में संदिग्ध जहरीले पदार्थ के सेवन से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अधिवक्ता की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस शराब और पानी के सैंपल की जांच कर रही है।
उत्तराखंड-नेपाल सीमा पर बस हादसा, 13 बारातियों की मौत
पिथौरागढ़ के झूलाघाट के पास नेपाल के बैतड़ी जिले में बस खाई में गिरने से 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर घायल हैं। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण ओवरलोडिंग बताया जा रहा है।
हरिद्वार में हाउसिंग सोसायटी विवाद, लाठी-डंडे चले
हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में हाउसिंग सोसायटी के दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
देहरादून: इलाज में लापरवाही पर अस्पताल पर 10 लाख का जुर्माना
देहरादून में महिला की मौत के मामले में उत्तराखंड मेडिकल काउंसिल ने निजी अस्पताल पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है और दो डॉक्टरों का पंजीकरण दो महीने के लिए निरस्त किया गया है।
रुद्रपुर में पुलिस बनी देवदूत, युवक की जान बचाई
सुल्तानपुरपट्टी में घरेलू तनाव के चलते विषाक्त पदार्थ सेवन करने वाले युवक की पुलिस ने समय रहते सीपीआर देकर जान बचा ली। युवक की काउंसलिंग कर उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया।



