एक और युवती पर चापड़ से हमला, तीनों आरोपी फरार
देहरादून। मच्छी बाजार में 23 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि राजधानी देहरादून में एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है।
चंद्रबनी चौक के पास तीन युवकों ने एक युवती के सिर पर चापड़ से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवती को उसके साथी तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर 8 से 9 टांके लगाए हैं।
कॉफी पीने के दौरान हुआ विवाद
पीड़िता के भाई पीयूष जोशी, निवासी सैय्यद मोहल्ला, चकराता रोड की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है।
तहरीर के अनुसार, उनकी चचेरी बहन गुरुवार रात करीब 8 बजे अपने दोस्तों के साथ चंद्रबनी चौक स्थित एक कैफे में कॉफी पीने गई थी। इसी दौरान कैफे में मौजूद आयुष रावत, सूरज राणा और हिमांशु से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
मारपीट के बाद चापड़ से सिर पर वार
आरोप है कि बहस बढ़ने के बाद तीनों युवकों ने युवती के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिसके बाद चापड़ से उसके सिर पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीनों आरोपी फरार, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
चौकी इंचार्ज आईएसबीटी आशीष कुमार ने बताया कि पीड़िता के भाई की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कैफे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश दी है, लेकिन फिलहाल तीनों फरार हैं। जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मच्छी बाजार हत्याकांड के बाद बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि 2 फरवरी को देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में 23 वर्षीय युवती गुंजन की दिनदहाड़े चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



