सीएम के मंच से दिखी जंगल की आग! जमरानी में धामी के संबोधन के दौरान वनाग्नि से हड़कंप
नैनीताल : उत्तराखंड में वनाग्नि की भयावह तस्वीर बुधवार को तब सामने आई, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भीमताल विधानसभा क्षेत्र में जमरानी बांध परियोजना के निरीक्षण के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
और ठीक उसी समय पास की पहाड़ी पर जंगल धधक उठा। सभा स्थल से आग की लपटें और धुएं का गुबार साफ दिखाई देने लगा, जिससे प्रशासनिक और वन विभाग के अफसरों में अफरा-तफरी मच गई।
हैरान करने वाली बात यह रही कि फायर सीजन शुरू होने से पहले ही सर्दियों के मौसम में जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। जमरानी बांध परियोजना के ऊपर पहाड़ी क्षेत्र में अचानक भड़की इस आग ने वन विभाग के दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान आग दिखते ही वन विभाग की टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया और आग पर काबू पाने के लिए संसाधनों के साथ अभियान शुरू किया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन की नजरें कुछ समय के लिए मंच से ज्यादा जंगल की आग पर टिकी रहीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वनाग्नि को राज्य के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए सख्त निर्देश दिए।
सीएम ने कहा—
“जंगलों में आग हमारे लिए गंभीर चुनौती है। इससे निपटने के लिए संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने और हर घटना पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।”
उत्तराखंड जैसे वन-बहुल राज्य में मुख्यमंत्री की मौजूदगी के दौरान भड़की यह आग, वनाग्नि प्रबंधन की तैयारियों पर बड़ा सवाल बनकर सामने आई है।



