अल्मोड़ा जेल में सुरक्षा चूक! टॉयलेट सीट से स्मार्ट वॉच व इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद
अल्मोड़ा: जिला कारागार अल्मोड़ा में एक बार फिर जेल सुरक्षा की पोल खुल गई है। नियमित तलाशी के दौरान एक कैदी की बैरक की टॉयलेट सीट के अंदर से स्मार्ट वॉच सहित कई प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी को हरिद्वार जिले के गंगनहर क्षेत्र निवासी सिद्धदोष कैदी प्रवीण वाल्मीकि के सेल की तलाशी ली जा रही थी। उस समय कैदी पेशी पर बाहर गया हुआ था। तलाशी के दौरान जेल कर्मियों को टॉयलेट सीट के भीतर संदिग्ध सामग्री छिपे होने का शक हुआ।
सूचना मिलने पर जेल अधीक्षक जयंत पांगती मौके पर पहुंचे और टॉयलेट सीट को तुड़वाकर गहन तलाशी के निर्देश दिए। जांच में सीट के अंदर से स्मार्ट वॉच, चार्जर, डेटा केबल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि बरामद स्मार्ट वॉच की कॉन्टैक्ट लिस्ट में 12 मोबाइल नंबर सेव मिले, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई। सभी सामग्री को सीलबंद कर साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंप दिया गया है।
जेल अधीक्षक की तहरीर पर कारागार अधिनियम 1894 की धारा 42 के तहत कोतवाली अल्मोड़ा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि कड़ी सुरक्षा के बीच प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जेल के भीतर कैसे पहुंचे? क्या इसमें अंदरूनी मिलीभगत शामिल है या कोई बाहरी नेटवर्क सक्रिय है—इन सभी पहलुओं की जांच पुलिस कर रही है।


