उत्तराखंड में घटनाओं की भरमार। हाथी हमला, सड़क हादसा, धार्मिक स्थल से छेड़छाड़ और वीज़ा ठगी का खुलासा
देहरादून। उत्तराखंड में बीते 24 घंटों के भीतर अलग-अलग जिलों से गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। कहीं मानव–वन्यजीव संघर्ष में एक वृद्ध की जान चली गई, तो कहीं सड़क हादसे में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मसूरी में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश और रुद्रपुर में विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला भी उजागर हुआ है।
कोटद्वार में हाथी के हमले से वृद्ध की मौत
पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार क्षेत्र में रविवार को जंगल में गाय चराने और लकड़ी लेने गए 70 वर्षीय बृजमोहन सिंह पर हाथी ने हमला कर दिया। शिवपुर के पास सुखरो नंबर-2 रिज़र्व फॉरेस्ट क्षेत्र में हुए इस हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद वन विभाग और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। लगातार बढ़ रही हाथियों की गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने जंगल में न जाने की अपील की है।
रुड़की में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से महिला की दर्दनाक मौत
हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 60 वर्षीय बालेश्वरी देवी की मौत हो गई। वह अपने बेटे विष्णु के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रही थीं, तभी गन्ने की खोई से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मसूरी में बाबा बुल्ले शाह की मजार से छेड़छाड़
पर्यटन नगरी मसूरी में धार्मिक सौहार्द को बिगाड़ने की गंभीर कोशिश सामने आई है। बाला हींसार क्षेत्र में स्थित बाबा बुल्ले शाह की मजार को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
मुस्लिम सेवा संगठन की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद और 25–30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी और सोशल मीडिया फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। सीओ मनोज असवाल ने कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
रुद्रपुर में न्यूजीलैंड वर्किंग वीज़ा के नाम पर 28 लाख की ठगी
रुद्रपुर में विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित जसप्रीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आरोप है कि आरोपियों ने न्यूजीलैंड वर्किंग वीज़ा, टिकट और अन्य खर्चों के नाम पर करीब 28 लाख रुपये लिए। बाद में फर्जी प्लॉट देने और पुलिस से सांठगांठ की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



