क्राइम रिपोर्ट: उत्तराखण्ड में अपराध, हादसे और प्रशासनिक हलचल की बड़ी खबरें, पढ़ें एक क्लिक में….

उत्तराखण्ड में अपराध, हादसे और प्रशासनिक हलचल की बड़ी खबरें, पढ़ें एक क्लिक में….

देहरादून। उत्तराखण्ड के अलग-अलग जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान अपराध, सड़क हादसों, संदिग्ध मौतों और प्रशासनिक गतिविधियों को लेकर हलचल देखने को मिली।

कहीं गंभीर अपराध में आरोपी की गिरफ्तारी हुई तो कहीं सड़क हादसे और रहस्यमयी मौतों से दहशत का माहौल बना रहा। वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी अहम जांच के आदेश दिए गए हैं।

उधम सिंह नगर के खटीमा में धार्मिक पहचान छुपाकर 19 वर्षीय युवती को प्रेमजाल में फंसाने, होटल ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने आरोपी सोनू उर्फ शहनवाज को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी और पीड़िता एक ही मेडिकल स्टोर में कार्यरत थे। युवती की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया, जिसे आज न्यायालय में पेश किया जाएगा।

अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण क्षेत्र में जैनल तिराहे पर एक पिकअप वाहन के भीतर दो लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। वाहन के केबिन में आगे की सीट पर दोनों शव पड़े मिले, जबकि बीच में एक पेट्रोमैक्स रखा हुआ था।

प्रारंभिक जांच में दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। मृतकों में से एक की पहचान मुरादाबाद निवासी अल्लाउद्दीन के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान के प्रयास जारी हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

देहरादून में काशीपुर किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण से जुड़े निलंबित आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन सिंह रौतेला की गोपनीय एसीआर (वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट) के सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।

डीजीपी दीपम सेठ के निर्देश पर इस संवेदनशील मामले की जांच एसटीएफ को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार एसीआर का लीक होना गंभीर साइबर और प्रशासनिक उल्लंघन माना जा रहा है।

उत्तरकाशी में तांबाखानी क्षेत्र से कूड़ा निस्तारण की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने जल समाधि की चेतावनी दी, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारियों को रोका।

नगर पालिका अध्यक्ष के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने फिलहाल जल समाधि का कार्यक्रम स्थगित कर धरना जारी रखने का फैसला लिया है।

नैनीताल में स्नोव्यू क्षेत्र के जंगल में दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा युवक असंतुलित होकर खाई में गिर गया। करीब एक घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

वहीं हरिद्वार के नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक और मैक्स वाहन की टक्कर में 27 वर्षीय युवक शादाब की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने एक ओर कानून-व्यवस्था, तो दूसरी ओर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक पारदर्शिता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।