अजंता होटल मालिक के घर लूट, बुजुर्ग महिला को बनाया बंधक
देहरादून के थाना राजपुर क्षेत्र अंतर्गत डाकपट्टी इलाके में 17 जनवरी की रात एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है। बदमाशों ने एक नामी होटल मालिक के घर में घुसकर 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर नकदी और जेवरात लूट लिए।
अजंता होटल के मालिक भुवन गांधी (निवासी डाकपट्टी, राजपुर रोड) ने रविवार 18 जनवरी को थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 16 जनवरी को वे अपने बेटे को छोड़ने के लिए गुरुग्राम गए हुए थे। 17 जनवरी की देर रात उनके नौकर का फोन आया, जिसने घर में लूट की जानकारी दी गई।
अगली सुबह जब भुवन गांधी देहरादून लौटे, तो उनकी 76 वर्षीय मां ने पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता के अनुसार, शनिवार रात खाना खाने के बाद वे सो गई थीं। रात करीब 12:30 बजे दो अज्ञात व्यक्ति कमरे में घुस आए और उन्हें डरा-धमकाकर नकदी और जेवरात के बारे में पूछताछ करने लगे।
पीड़िता ने बताया कि एक बदमाश उनके पास बैठा रहा, जबकि दूसरा पूरे घर की तलाशी लेता रहा। दोनों आरोपी करीब दो घंटे तक घर में रहे और नकदी व ज्वेलरी लेकर फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि भुवन गांधी की शिकायत के आधार पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही परिवार के सदस्यों और नौकर से भी पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल चोरी किये गए सामान की सटीक जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किस रास्ते से घर में दाखिल हुए। साथ ही, पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।



