उत्तराखंड की राजनीति गरमाई। मंत्री रेखा आर्या के मुद्दे पर कांग्रेस–भाजपा आमने-सामने, सड़क से थाने तक घमासान
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति एक बार फिर तीखे टकराव के दौर में पहुंच गई है। खेल मंत्री रेखा आर्या से जुड़े मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गई हैं।
एक ओर महिला कांग्रेस ने मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर डालनवाला थाने में जोरदार प्रदर्शन किया, तो दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर मंत्री रेखा आर्या के अपमान का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता डालनवाला थाने पर धरने पर बैठ गईं। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मंत्री के पति के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।
देर रात धरने को समर्थन देने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर मांगपत्र लिया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिला कांग्रेस ने धरना समाप्त किया।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई। धरमपुर विधायक विनोद चमोली ने कहा कि हरीश रावत को सुर्खियों में बने रहने की आदत है और वह हर आंदोलन का श्रेय लेने की कोशिश करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस तरह के हथकंडों से राजनीति कर रही है, न कि जनहित के मुद्दों पर।
वहीं दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए इसे राजनीतिक दिखावा करार दिया। भाजपा प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता का भरोसा आज भी भाजपा के साथ है और सरकार लगातार जनहित में काम कर रही है।
इसी बीच मंत्री रेखा आर्या को लेकर दिए गए कथित बयान पर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसएसपी देहरादून को शिकायत सौंपते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
भाजपा का आरोप है कि गोदियाल ने सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर मंत्री रेखा आर्या के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी की, जो महिला और दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाती है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और गणेश गोदियाल का पुतला दहन भी किया। उनका कहना है कि मंत्री रेखा आर्या की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस घबराई हुई है और इसी बौखलाहट में इस तरह की बयानबाजी की जा रही है।
कुल मिलाकर, मंत्री रेखा आर्या से जुड़ा मामला अब कानूनी, राजनीतिक और सड़क की लड़ाई में तब्दील हो चुका है। जहां कांग्रेस न्याय और एफआईआर की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है।
वहीं भाजपा इसे कांग्रेस की सस्ती राजनीति बताते हुए आक्रामक जवाब दे रही है। आने वाले दिनों में यह टकराव और तेज होने के संकेत दे रहा है।



