राजनीति: BJP में अंदरूनी बगावत? विकासनगर से उठे 533 करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोप, विधायक बोले…..

BJP में अंदरूनी बगावत? विकासनगर से उठे 533 करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोप, विधायक बोले…..

  • वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल ने अपनी ही सरकार और विधायक पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

देहरादून। उत्तराखंड में बीजेपी की मुश्किलें विपक्ष से ज्यादा अपनी ही पार्टी के नेताओं के बयानों से बढ़ती नजर आ रही हैं। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर पहले से सवालों में घिरी बीजेपी को अब विकासनगर से नया सियासी झटका लगा है।

बीजेपी के वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल ने अपने ही दल के विधायक और सरकार पर करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।

रामशरण नौटियाल ने विकासनगर नगर पालिका क्षेत्र में बिछाई गई सीवर लाइन को लेकर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि इस परियोजना में भारी धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन बिछने के कुछ ही दिनों बाद सड़कें धंसने लगीं, जगह-जगह गड्ढे बन गए और कई स्थानों पर पाइपलाइन से लीकेज सामने आ रहा है।

533 करोड़ की परियोजना पर सवाल

बीजेपी नेता के अनुसार यह परियोजना करीब 533 करोड़ रुपये की है और स्थानीय लोग खुद इस पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों की शिकायतों के आधार पर उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से कमीशनखोरी हुई है।

उन्होंने इशारों-इशारों में विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र में चल रही लगभग हर योजना में कमीशनखोरी की शिकायतें सामने आ रही हैं।

पार्टी ने दी नसीहत

रामशरण नौटियाल के आरोपों पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सांसद नरेश बंसल का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता को बिना तथ्य जांचे सरकार या विधायक पर आरोप नहीं लगाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास तथ्य हैं तो उन्हें पार्टी फोरम या सरकार के समक्ष रखना चाहिए, सरकार उस पर संज्ञान लेगी।

विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

उन्होंने कहा कि, “कोई भी व्यक्ति मुझ पर कमीशनखोरी का आरोप नहीं लगा सकता। मैंने अपने विधानसभा क्षेत्र में किसी भी काम में आज तक एक रुपया तक नहीं लिया।”

सीवर लाइन परियोजना को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि वह केवल दो बार कंपनी के कॉन्फ्रेंस रूम में बैठक में गए हैं, लेकिन कमीशनखोरी का आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है।
उन्होंने कहा कि वह जो भी काम करते हैं, खुले तौर पर और सबके सामने करते हैं।

आरोप लगाने वाले नेता पर पलटवार

मुन्ना सिंह चौहान ने रामशरण नौटियाल पर पलटवार करते हुए कहा कि, “वह जिला पंचायत और बीडीसी के चुनाव चार बार हार चुके हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के साथ मिलकर भी मुझे हराने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए।”

उन्होंने कहा कि, “25 साल से जनता ने उन्हें नकारा है, इसमें मेरी क्या गलती है। सवाल उठाने से पहले उन्हें जनता के बीच अपनी हैसियत बनानी चाहिए।”

कांग्रेस ने कसा तंज

इस पूरे मामले पर कांग्रेस ने बीजेपी को घेर लिया है। कांग्रेस नेता राजेंद्र शाह ने कहा कि बीजेपी की जीरो टॉलरेंस नीति सिर्फ नारा बनकर रह गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब बीजेपी के अपने नेता विकासनगर में 100 करोड़ से ज्यादा के घोटाले की बात कर रहे हैं और सरकार संज्ञान नहीं ले रही, तो इससे साफ है कि, भ्रष्टाचार की जड़ें सरकार के भीतर तक फैली हुई हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि केवल विकासनगर ही नहीं, बल्कि बीजेपी के कई विधायक कमीशनखोरी में लिप्त हैं और सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है।