बिग ब्रेकिंग: नियम तोड़ने पर गिरी गाज, नैनीताल में दो सरकारी कर्मियों पर एक्शन

नियम तोड़ने पर गिरी गाज, नैनीताल में दो सरकारी कर्मियों पर एक्शन

नैनीताल। जिले में सरकारी सेवकों के आचरण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अलग-अलग मामलों में अनुशासनहीनता और शासकीय नियमों के उल्लंघन के आरोप सही पाए जाने पर दो कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

स्थानांतरण का विरोध पड़ा भारी

राजस्व विभाग में कार्यरत वरिष्ठ सहायक विजय सिंह गैड़ा को अपने स्थानांतरण आदेश के विरोध में सार्वजनिक मंच से शासकीय निर्णय की आलोचना करना महंगा पड़ गया। जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने कार्यालय परिसर में उग्र प्रदर्शन किया और शासकीय रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की।

जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने उन्हें भर्त्सना की सजा देते हुए उनकी दो वार्षिक वेतनवृद्धियां दो वर्षों के लिए रोकने के आदेश दिए हैं। साथ ही सेवा मामलों में बाहरी दबाव बनाने की कोशिश को भी गंभीर अनुशासनहीनता माना गया।

RTI के दुरुपयोग पर चेतावनी और स्थानांतरण

वहीं, जिलाधिकारी कार्यालय में तैनात प्रधान सहायक मोहम्मद अकरम पर सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) के दुरुपयोग का मामला सामने आया।

उन्होंने अपने ही कार्यालय से बड़ी मात्रा में सूचना मांगी, जिसे कर्मचारियों ने लगभग 3000 पृष्ठों में नि:शुल्क तैयार किया। इसके बावजूद बाद में बिना कारण बताए सूचना लेने से इनकार कर दिया गया।

प्रशासन ने इसे शासकीय संसाधनों और समय की बर्बादी मानते हुए उन्हें औपचारिक चेतावनी जारी की और जिला मुख्यालय से स्थानांतरण कर दिया।

प्रशासन का सख्त संदेश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासकीय सेवकों से अनुशासन, मर्यादा और जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है। नियमों की अनदेखी या सरकारी तंत्र को बाधित करने वाला कोई भी कृत्य किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।