नैनीताल विंटर कार्निवाल के पहले दिन हंगामा, बीच में रोका परमिश वर्मा का कार्यक्रम
नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में विंटर कार्निवाल के पहले दिन अव्यवस्थाओं ने आयोजन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए। पुलिस की लचर कार्यशैली और भीड़ नियंत्रण में नाकामी के चलते मशहूर गायक परमिश वर्मा के कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया, जिसके बाद उन्हें आधे कार्यक्रम में ही स्टेज से हटाना पड़ा।
देखें वीडियो:-
नैनीताल में विंटर कार्निवाल का उद्घाटन होने के बाद पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट, विधायक सरिता आर्या और पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल कुछ देर कार्यक्रम देखने के बाद रवाना हो गए।
इसके बाद जैसे ही स्टेज पर परमिश वर्मा का मुख्य कार्यक्रम शुरू हुआ, बड़ी संख्या में मौजूद युवा दर्शक स्टेज के सामने आ गए और हंगामा करने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख पहले स्वयं परमिश वर्मा ने दर्शकों से संयम बरतने और पीछे हटने की अपील की। इसके बाद सीओ राकेश सेमवाल और एडीएम विवेक राय को मंच के पास पहुंचकर भीड़ से बैरिकेडिंग के पीछे जाने का आग्रह करना पड़ा। प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया कि यदि भीड़ नियंत्रित नहीं हुई तो कार्यक्रम निरस्त किया जा सकता है।
अत्यधिक उत्साहित युवाओं को जमीन पर बैठाकर हालात संभालने की कोशिश की गई। स्टेज के आसपास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। छात्र संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय युवाओं ने भी स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन हालात पूरी तरह काबू में नहीं आ सके।
करीब रात 10 बजे स्टेज पर आए परमिश वर्मा ने आते ही माहौल बना दिया, लेकिन लगातार बढ़ते हंगामे के चलते रात 10:52 बजे उन्हें सुरक्षा कारणों से स्टेज से हटाकर कार्यक्रम बीच में ही समाप्त कर दिया गया।
इस दौरान मौके पर आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसपी जगदीश चंद्रा सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। घटना के बाद विंटर कार्निवाल की व्यवस्थाओं और भीड़ नियंत्रण को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।



