ऋषिकेश–हरिद्वार मार्ग पर एक्सयूवी की ट्रक से टक्कर, चार की मौके पर मौत
ऋषिकेश। ऋषिकेश–हरिद्वार मार्ग पर आईडीपीएल सिटी गेट के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार की ओर से आ रही एक एक्सयूवी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 दिसंबर की रात कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से कोतवाली ऋषिकेश को सूचना मिली कि पीएनबी सिटी गेट के पास एक कार ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश, श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल चौकी से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।
मौके पर पाया गया कि एक्सयूवी कार (संख्या यूके 07 एफएस 5587) ने सड़क किनारे खड़े ट्रक (संख्या एचआर 58 ए 9751) को जोरदार टक्कर मारी थी। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक ने अचानक सामने आए किसी जानवर को बचाने का प्रयास किया, जिससे कार से नियंत्रण हट गया और यह हादसा हो गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि कार स्वामी की पहचान सोनू कुमार, निवासी चंद्रेश्वर मार्ग ऋषिकेश के रूप में हुई है। उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं उठा।
मृतकों में धीरज जायसवाल (30) पुत्र दीनबंधु जायसवाल, निवासी चंद्रेश्वर नगर दुर्गा मंदिर रोड ऋषिकेश और हरिओम (22) पुत्र अरविंद कुमार, निवासी हनुमान मंदिर गुमानीवाला ऋषिकेश की पहचान हो चुकी है। अन्य दो मृतकों की शिनाख्त देर रात तक की जा रही थी।



