‘वोट चोर, गद्दी छोड़ो’ महारैली, उत्तराखंड से हजारों कांग्रेसी दिल्ली रवाना
देहरादून। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने जा रही ‘वोट चोर, गद्दी छोड़ो’ महारैली में उत्तराखंड से कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दावा किया है कि उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से करीब 15 से 16 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता महारैली में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं या रवाना हो चुके हैं।
गणेश गोदियाल ने बताया कि हरिद्वार और उधम सिंह नगर समेत दिल्ली से सटे जिलों से कार्यकर्ता सुबह ही दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं। जिलावार रिपोर्ट के आधार पर अनुमान है कि रामलीला मैदान में उत्तराखंड कांग्रेस की मजबूत मौजूदगी रहेगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता महारैली में शामिल होंगे, जिससे यह रैली संख्या बल के लिहाज से ऐतिहासिक होगी।
महारैली को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड कांग्रेस ने काफी पहले से तैयारियां शुरू कर दी थीं। इसकी मॉनिटरिंग स्वयं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी कर रहे थे।
विधानसभा प्रभारियों से लगातार फीडबैक लिया गया और जिलों के नेताओं को दिल्ली पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि यह महारैली लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुटता का बड़ा संदेश देगी और इसमें हर कार्यकर्ता ऐतिहासिक पल का साक्षी बनेगा।


