क्राइम अपडेट: उत्तराखंड में प्रशासनिक सख्ती और घटनाओं की भरमार, हादसों से लेकर अपराध तक हलचल। पढ़ें….

उत्तराखंड में प्रशासनिक सख्ती और घटनाओं की भरमार, हादसों से लेकर अपराध तक हलचल। पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार को प्रशासनिक सख्ती, कानून-व्यवस्था और हादसों से जुड़ी कई बड़ी घटनाएं सामने आईं। देहरादून में जहां बड़े बकायेदारों पर जिला प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया।

वहीं पिथौरागढ़, हरिद्वार, विकासनगर, खटीमा और ऋषिकेश सहित अन्य क्षेत्रों में सड़क हादसे, नशा तस्करी, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और आपराधिक मामलों ने दिनभर सुर्खियां बटोरीं।

सुभारती समूह पर 87.50 करोड़ की कुर्की प्रक्रिया शुरू

देहरादून में बड़े बकायेदारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला प्रशासन ने सुभारती समूह पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 87.50 करोड़ रुपये की कुर्की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी के निर्देशों पर लंबित बकाया वसूली को लेकर यह कदम उठाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भुगतान में लापरवाही बरतने वाले किसी भी बकायेदार को बख्शा नहीं जाएगा।

पिथौरागढ़ में सड़क हादसा, छात्र की मौत

पिथौरागढ़ जिले के धारचूला क्षेत्र में धारचूला–टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर साइकिल सवार छात्र को टैक्सी वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

ठंड से ग्रामीण की मौत की आशंका

पिथौरागढ़–घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे एक ग्रामीण मृत अवस्था में मिला। प्राथमिक तौर पर मौत का कारण ठंड बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बेरीनाग में युवक ने की आत्महत्या

बेरीनाग क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बनभूलपुरा अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई फरवरी में

हल्द्वानी के बनभूलपुरा भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट अब 3 फरवरी 2026 को अगली सुनवाई करेगा। फैसले में देरी के चलते प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

विकासनगर में 300 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

दून पुलिस ने विकासनगर और कालसी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 300 ग्राम स्मैक (अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये) के साथ दो अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मध्य प्रदेश से नशा लाकर पहाड़ी जिलों में सप्लाई करने की फिराक में थे।

हरिद्वार में 10 बीघा सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त

मुख्यमंत्री के निर्देशों पर हरिद्वार जिले में सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। श्यामपुर कांगड़ी क्षेत्र में प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 10 बीघा ग्राम समाज की भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई।

ऋषिकेश कैफे संचालक हत्याकांड में फरार शूटर गिरफ्तार

मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में हुए कैफे संचालक नितिन देव हत्याकांड में फरार चल रहे इनामी शूटर विक्की यादव को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

हरिद्वार में आबादी क्षेत्र में हाथियों की दहशत

हरिद्वार के रिहायशी इलाकों में जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही से दहशत का माहौल है। वन विभाग ने हाथियों की मूवमेंट रोकने के लिए एलीफेंट प्रूफ ट्रेंच और सोलर फेंसिंग की योजना तैयार कर शासन को भेजी है।

खटीमा में युवक की मौत के बाद बवाल, धारा 163 लागू

उधम सिंह नगर जिले के खटीमा में युवक की मौत के बाद तनाव फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी। हालात फिलहाल नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

रामनगर लोक अदालत में अफवाह से उमड़ी भीड़

रामनगर कोर्ट परिसर में बिजली और पानी के बिल माफ होने की अफवाह के चलते सैकड़ों लोग लोक अदालत पहुंच गए। बाद में गलत सूचना सामने आने पर लोग निराश होकर लौटे।