गजब: जिम्मेदारियां ठप, भूमाफिया सक्रिय। देहरादून की स्वीकृत योजना वाली कॉलोनी की दीवार तोड़ी

जिम्मेदारियां ठप, भूमाफिया सक्रिय। देहरादून की स्वीकृत योजना वाली कॉलोनी की दीवार तोड़ी

रिपोर्ट- अमित भट्ट
राजधानी देहरादून में भूमाफियाओं के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पुलिस और जिला प्रशासन की सख्ती के दावों के बावजूद जीएमएस रोड स्थित पॉश और एमडीडीए स्वीकृत रजत एनक्लेव कॉलोनी की दीवार को मंगलवार को दिनदहाड़े गिरा दिया गया।

आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा अपनी निजी भूमि तक पहुंच बनाने के लिए कॉलोनी के भीतर से अवैध मार्ग खोलने की कोशिश की जा रही थी।

एमडीडीए स्वीकृत नक्शे के खिलाफ रास्ता खोलने की साजिश

रजत एनक्लेव एक गेटेड कॉलोनी है और एमडीडीए से स्वीकृत लेआउट के अनुसार इसके भीतर से किसी भी प्रकार के मार्ग का प्रावधान नहीं है।

कॉलोनी निवासियों ने बताया कि आधिकारिक नक्शों में रास्ता अन्य स्थान पर दर्शाया गया है, इसके बावजूद लंबे समय से उसी बंद मार्ग को जबरन खोलने का दबाव बनाया जा रहा था।

निवासियों का आरोप है कि भूमाफियाओं की ओर से पहले भी दो बार प्रयास किए गए, जिन्हें उन्होंने सामूहिक विरोध के बाद विफल कर दिया था।

महिलाओं को आगे कर दीवार ढहाने का आरोप, वीडियो भी सामने आए

स्थानीय लोगों के अनुसार, ताजा घटना में कुछ महिलाओं को आगे कर दीवार को तोड़ा गया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना के वीडियो सबूत भी मौजूद हैं, जिनमें कॉलोनी की दीवार को जानबूझकर गिराया जाता हुआ देखा जा सकता है।

घटना के बाद कॉलोनी के निवासियों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। निवासियों ने कहा, “यह एक सुनियोजित प्रयास है। अगर समय रहते प्रशासन ने रोक नहीं लगाई तो यहां कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।”

वसंत विहार थाने में तहरीर, कड़ी कार्रवाई की मांग

घटना के बाद प्रभावित निवासियों ने वसंत विहार थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपितों की पहचान और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

उनका कहना है कि भूमाफिया गेटेड सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था तोड़कर “प्राइवेट एंट्री रूट” बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे भविष्य में और भी गंभीर विवाद खड़े हो सकते हैं।

निवासियों ने पुलिस-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि यदि अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लगी तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को बाध्य होंगे