विशेष रिपोर्ट- दीवाली की रात उत्तराखंड में आग से कई हादसे। पढ़ें- कहाँ-कहाँ लगी आग….

दीपावली की रात उत्तराखंड में आग से कई हादसे। पढ़ें, कहाँ-कहाँ लगी आग….

  • हरिद्वार, नैनीताल और पौड़ी में लगी भीषण आग से मचा हड़कंप, कई दुकानें और होटल जलकर राख

देहरादून। दीपावली की रोशनी के बीच उत्तराखंड के कई जिलों में देर रात आग लगने की घटनाओं ने खुशी के माहौल को दहशत में बदल दिया।

हरिद्वार, नैनीताल और कोटद्वार (पौड़ी) से आई खबरों ने प्रदेशभर में चिंता बढ़ा दी है। तीनों जगहों पर दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि कई जगहों पर भारी नुकसान हुआ है।

हरिद्वार: शिवलोक कॉलोनी में कबाड़ के गोदाम में लगी आग

देर रात हरिद्वार के शिवलोक कॉलोनी इलाके में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कॉलोनी के एक कबाड़ गोदाम में शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़की, जिसने देखते ही देखते आसमान में काला धुआं भर दिया।

लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग घरों की छतों से आग की धधकती लपटें देखते रहे। फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन इस घटना ने दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इधर, आर्यनगर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। कार में आग लगने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। माना जा रहा है कि आसपास जले पटाखों या दीयों की चिंगारी से आग भड़की। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि त्योहारों पर सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां अब बड़ी खतरे की वजह बन रही हैं।

नैनीताल: ओल्ड लंदन हाउस में फिर लगी आग

नैनीताल के ऐतिहासिक ओल्ड लंदन हाउस भवन में एक बार फिर आग लगने से हड़कंप मच गया। रात करीब 3 बजे ब्रिटिश कालीन इस इमारत में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कई घंटों बाद आग पर काबू पाया गया।

आग की चपेट में आने से तीन दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। बताया जा रहा है कि भवन पुराना और लकड़ी का बना होने के कारण आग तेजी से फैली। एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन सतर्कता के तौर पर दमकल की टीम मौके पर तैनात है।

गौरतलब है कि 27 अगस्त 2025 को भी इसी भवन में आग लगी थी, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी और भवन का करीब 70% हिस्सा जल गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस बार भी दमकल विभाग मौके पर समय से पहुंचा, लेकिन पानी की कमी के कारण आग बुझाने में देरी हुई।

कोटद्वार (पौड़ी): बावर्ची होटल में लगी आग से मचा हड़कंप

दिवाली की रात पौड़ी जिले के कोटद्वार में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। तड़ियाल चौक धनीष फार्म के पास स्थित बावर्ची होटल में रात करीब 11 बजे अचानक आग भड़क उठी। दीपावली की रोशनी के बीच उठती लपटों ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।

दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को वजह बताया जा रहा है, हालांकि कुछ लोगों ने दावा किया कि पटाखे की चिंगारी से आग भड़की।

हादसे में जनहानि नहीं हुई, लेकिन होटल में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। होटल के मालिक महेश कोटनाला, जो कोरोना काल में जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन मुहैया कराने के लिए जाने जाते हैं, को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

त्योहारों पर सुरक्षा की बड़ी सीख

तीनों जिलों की ये घटनाएं इस बात की चेतावनी हैं कि दीपावली की खुशियों में लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है। बिजली के तार, पटाखे की चिंगारियां और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ज्वलनशील सामान सभी मिलकर आग के बड़े हादसों को जन्म दे सकते हैं।

स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करें, पटाखों का सीमित उपयोग करें और अपने आस-पास आग से जुड़ी किसी भी स्थिति की तुरंत सूचना दमकल विभाग को दें।