धामी सरकार का बड़ा तोहफा। कर्मचारियों और पेंशनरों का महंगाई भत्ता 3% बढ़ाया




देहरादून। दिवाली से ठीक पहले उत्तराखंड की धामी सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार देर रात राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी को मंजूरी दी। इस निर्णय से लगभग 1.5 लाख सरकारी कर्मचारी और 80 हजार पेंशनर लाभान्वित होंगे।
यह बढ़ोतरी 1 अक्टूबर 2025 से प्रभावी मानी जाएगी और कर्मचारियों को इसका लाभ अक्टूबर माह की सैलरी और पेंशन में मिलेगा। सरकार के इस फैसले से स्थानीय निकायों (जैसे नगर निगम, नगर पालिका) और राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों (PSU) के कर्मचारी भी शामिल रहेंगे।
डीए में वृद्धि से कर्मचारियों की तनख्वाह और पेंशन दोनों में सीधा इजाफा होगा। कर्मचारी संगठनों ने इसे “लंबे इंतजार के बाद मिला दिवाली बोनस” बताया है, वहीं पेंशनरों ने कहा कि यह बढ़ोतरी बढ़ती महंगाई के बीच बड़ी राहत साबित होगी।
हालांकि इस निर्णय से राज्य सरकार पर करीब 200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक भार आएगा। यह फैसला केंद्र सरकार द्वारा जुलाई 2025 में अपने कर्मचारियों के लिए डीए में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी के बाद लिया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर सभी कर्मचारियों और पेंशनरों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार राज्यकर्मियों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

