बड़ा हादसा: हिमाचल के बिलासपुर में मौत का पहाड़। लैंडस्लाइड में दब गई प्राइवेट बस, 18 यात्रियों की मौत

हिमाचल के बिलासपुर में मौत का पहाड़। लैंडस्लाइड में दब गई प्राइवेट बस, 18 यात्रियों की मौत

बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश): मूसलाधार बारिश के बीच हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया।

मरोतन से घुमारवीं जा रही एक प्राइवेट बस की छत पर बरठी के पास पहाड़ी से भूस्खलन का भारी मलबा आ गिरा। इस भीषण हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो बच्चियों और एक बच्चे को सुरक्षित निकाला गया है।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, संतोषी नाम की यह प्राइवेट बस करीब 35 यात्रियों को लेकर मरोतन से घुमारवीं जा रही थी। शाम करीब साढ़े छह बजे बालूघाट (भल्ला पुल) के पास अचानक पहाड़ी दरक गई और पूरा मलबा बस की छत पर जा गिरा। देखते ही देखते बस मलबे के नीचे दब गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा, जिसके दौरान अब तक 18 शव निकाले जा चुके हैं।

लोगों ने भी की मदद

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंधेरा और लगातार बारिश राहत कार्य में बाधा बनी रही, लेकिन बचाव दल लगातार मलबा हटाने में जुटे रहे।

शोक में डूबा देश

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और गृह मंत्री अमित शाह ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (X) पर लिखा, “बिलासपुर में हुए हादसे में हुई जान-माल की हानि से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता दी जाएगी।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण हुई बस दुर्घटना अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।”

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “हिमाचल के बिलासपुर में भूस्खलन से हुए बस हादसे से मन अत्यंत व्यथित है। एनडीआरएफ की टीमें मौके पर हैं और बचाव कार्य में लगी हैं। जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”

मुख्यमंत्री सुक्खू बोले — राहत और बचाव कार्य जारी

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया और कहा कि बचाव कार्य पूरी रात जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए।