बिग ब्रेकिंग: नैनीताल में 1 वोट से दीपा दरम्वाल बनी जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर टॉस से फैसला

नैनीताल में 1 वोट से दीपा दरम्वाल बनी जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर टॉस से फैसला

देहरादून। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम आखिरकार घोषित कर दिए गए। 14 अगस्त को हुए मतदान के बाद अपहरण और गोलीबारी की घटनाओं के चलते परिणामों पर संशय बना हुआ था।

हाई कोर्ट ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए सुनवाई शुरू कर दी थी। कांग्रेस की चुनाव रद्द करने की याचिका भी अभी विचाराधीन है।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी वंदना ने मंगलवार को कोषागार के डबल लॉक में रखे अनंतिम परिणामों की घोषणा की।

परिणामों में भाजपा प्रत्याशी दीपा दरम्वाल ने मात्र 1 वोट से जीत दर्ज की। दीपा दरम्वाल को 11 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी को 10 वोट प्राप्त हुए। एक वोट रद्द घोषित किया गया।

उपाध्यक्ष पद के लिए मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। भाजपा प्रत्याशी और कांग्रेस प्रत्याशी देवकी बिष्ट को बराबर मत मिले। इसके बाद टॉस कराया गया, जिसमें देवकी बिष्ट विजयी घोषित हुईं और उपाध्यक्ष पद पर काबिज हुईं।

गौरतलब है कि 14 अगस्त को मतदान के बाद नाटकीय घटनाक्रम हुआ था। कांग्रेस के 5 सदस्यों के अपहरण और गोलीबारी की घटना से चुनावी प्रक्रिया विवादों में घिर गई थी।

हालांकि मतदान के बाद मतगणना कराई गई थी, लेकिन परिणाम तत्काल घोषित न कर सीलबंद लिफाफे में रखवा दिए गए थे। आज (19 अगस्त) निर्वाचन आयोग ने चुनाव परिणाम सार्वजनिक किए।

इस बीच, मामले की सुनवाई हाई कोर्ट में जारी है और कांग्रेस की याचिका पर अगली तारीख तय की जाएगी।