बिग ब्रेकिंग: किच्छा में गोलीकांड। ग्राम प्रधान के भतीजे की दिनदहाड़े हत्या, सियासत गरमाई

किच्छा में गोलीकांड। ग्राम प्रधान के भतीजे की दिनदहाड़े हत्या, सियासत गरमाई

रिपोर्ट- दिलीप अरोरा
किच्छा में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे खुलेआम गोलियां चलाने से भी नहीं हिचक रहे। आज सुबह दरऊ ग्राम में दो पक्षों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें ग्राम प्रधान गफ्फार खान के भतीजे आलिम को गोली लगी और इलाज के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

देखें वीडियो:-

चुनावी रंजिश से जुड़ा मामला

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे हथियारबंद लोगों ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना को हाल ही में हुए ग्राम प्रधान चुनाव में गफ्फार खान की 600 मतों से जीत से जोड़कर देखा जा रहा है।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का कहना है कि गफ्फार की जीत उनके विरोधियों को रास नहीं आई और इसी कारण जानबूझकर हमला किया गया।

शुक्ला ने कांग्रेस नेताओं पर लगाए आरोप

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने सीधे तौर पर कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ और कांग्रेसी नेता हाजी सरवर यार खान पर आरोप लगाए। उनका कहना है कि इन नेताओं ने ही हमलावरों को उकसाया, जिसके चलते फायरिंग की घटना घटी।

पुलिस प्रशासन पर सवाल

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। ग्राम प्रधान गफ्फार खान ने कहा कि उन्होंने कई बार संभावित हमले की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने शिकायतों को हल्के में लिया।

पारिवारिक रंजिश का मामला” – बेहड़

वहीं कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ ने पलटवार करते हुए कहा कि यह पूरी तरह पारिवारिक रंजिश का मामला है। उन्होंने कहा कि राजेश शुक्ला इस घटना को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।