इन जिलों में भूस्खलन का अलर्ट। आदेश जारी, रहें सतर्क
उत्तराखण्ड के लिए भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 04 जनपदों यथा टिहरी, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग एवं चमोली में भूस्खलन की चेतावनी के दृष्टिगत सावधानी बरतने के संबंध में।
महोदया / महोदय,
उपरोक्त विषय के संबंध में यह अवगत कराना है कि निदेशक, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग द्वारा दिनांक 06.07.2025 को निम्नवत् पूर्वानुमान जारी किया गया हैः-
दिनांक 07.07.2025 एवं दिनांक 08.07.2025 को राज्य के चमोली जनपद के चमोली सब डिवीजन, रूद्रप्रयाग जनपद के रूद्रप्रयाग एवं ऊखीमठ सब डिवीजन, टिहरी जनपद के घनसाली, नरेंद्रनगर एवं धनोल्टी सब डिवीजन तथा उत्तरकाशी जनपद के डुण्डा एवं चिन्यालीसौड़ सब डिवीजनों में भूस्खलन होने की संभावना है।
साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जनपद टिहरी, उत्तरकाशी एवं रूद्रप्रयाग हेतु भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गयी है।
इस सम्बन्ध में अनुरोध है कि कृपया अपने नियंत्रणाधीन जनपद में निम्न सावधानियों सुनिश्चित करने का कष्ट करें:-
1. प्रत्येक स्तर पर तत्परता एवं सुरक्षा बनाये रखते हुए आवागमन में नियंत्रण बरता जाय।
2. किसी भी आपदा/दुर्घटना की स्थिति में त्वरित स्थलीय कार्यवाही करते हुए सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान किया जाय।
3. आपदा प्रबन्धन IRS प्रणाली के नामित समस्त अधिकारी एवं विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट में रहेंगे।
4. NH. PWD, PMGSY, ADB, BRO, WB, CPWD आदि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने की दशा में उसे तत्काल खुलवाना सुनिश्चित करेंगे।
5. समस्त राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी अपने तैनाती क्षेत्रों में बने रहेंगे।
6. समस्त चौकी/थाने भी आपदा सम्बन्धी उपकरणों एवं वायरलैस सैट आदि सहित हाई अलर्ट में रहेंगे।
7. उक्त अवधि में किसी भी अधिकारी / कर्मचारी के मोबाईल / फोन स्विच ऑफ नहीं रहेंगे।
8. अधिकारीगण बरसाती, छाता, टार्च, हैलमेट तथा कुछ आवश्यक उपकरण एवं सामग्री अपने वाहनों में अपने स्तर से रखने हेतु उचित कार्यवाही करेंगे।
9. उक्त अवधि में लोगों के फंसे होने की स्थिति पर खाद्य सामग्री व मेडिकल की व्यवस्था की जाय।
10. विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विद्यालयों में सावधानी बरती जाय।
असामान्य मौसम, भारी वर्षा की चेतावनियों के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन को अनुमति न दी जाय। भारी वर्षा के दौरान अनिवार्य रूप से वाहनों एवं पैदल यात्रियों का आवागमन रोक दिया जाय।
12. सम्बन्धित जनपद के जिला सूचना अधिकारी उक्त चेतावनी / सूचना को आम जनमानस तक दृश्य एवं प्रिन्ट मीडिया से प्रसारित करना सुनिश्चित करेंगे व आम जनमानस को सूचित किया जाये कि वह इस अवधि में अनावश्यक घर से बाहर न निकले।
13. संवेदनशील मार्गों एवं भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों पर भूस्खलन सम्बन्धी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए यथा आवश्यक उपकरणों जैसे कि जे०सी०बी० मशीन, पौकलैण्ड, मानव संसाधन एवं अन्य आवश्यक उपकरण आदि की समुचित व्यवस्था करना सुनिश्चित किया जाय।
इसके साथ ही भूस्खलन सम्भावित क्षेत्रों में यात्रियों एवं वाहनों की सुरक्षित यात्रा के लिए सचेत किया जाय तथा सावधानी बरती जाय, सम्भावित भूस्खलन वाले क्षेत्रों में साइनेज आदि की व्यवस्था भी की जाय।
14. समस्त सम्बन्धित अधिकारी किसी भी प्रकार की आपदा की सूचना SEOC/ राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नम्बरों 0135-2710335, 0135-2710334, टोल फ्री नं0 1070, 9058441404 एवं 8218867005 पर तत्काल उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करेंगे।
ऋषिकेश-यमुनोत्री हाईवे सहित 67 सड़कें बंद
प्रदेश में भारी बारिश के चलते मुख्य राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ ही कई सड़कें भी बंद हैं, जिन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यमुनोत्री हाईवे पर ओजरी के समीप एनएच विभाग की ओर से करीब 24 मीटर लंबे स्पान के बैली ब्रिज का निर्माण कर रहा है। मौसम का साथ मिलने पर विभाग ने काम में तेजी लाई।
इसके साथ ही स्यानाचट्टी में सिंचाई विभाग की ओर से यमुना नदी में बनी झील के मुहाने से मलबा हटाने का कार्य जारी है। बीते 28 जून को यमुनोत्री हाईवे का हिस्सा ओजरी में बह गया था।
प्रदेश में बारिश के बाद मलबा आने से सड़कों का बंद होने का सिलसिला जारी है। राज्य में ऋषिकेश-यमुनोत्री-राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 67 सड़के बंद हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक रुद्रप्रयाग जिले में चार ग्रामीण सड़कें, उत्तरकाशी में एक एनएच सहित 11 ग्रामीण सड़कें, नैनीताल में दो, चमोली में एक राज्य मार्ग सहित 21 ग्रामीण सड़कें, पिथौरागढ़ में छह ग्रामीण, अल्मोड़ा में एक राजमार्ग और एक ग्रामीण, बागेश्वर जिले में 11 ग्रामीण, पौड़ी गढ़वाल में तीन ग्रामीण, देहरादून में दो ग्रामीण और टिहरी जिले में तीन ग्रामीण सड़के मलबा आने से बंद हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक बंद सड़कों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।
उत्तराखंड में आज से फिर मानसून रफ्तार पकड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने छह जुलाई को रुद्रप्रयाग, टिहरी, बागेश्वर और देहरादून में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उधर, मलबा आने से सड़कों के बंद होने का सिलसिला जारी है। यमुनोत्री हाईवे समेत प्रदेश में 67 सड़कें बंद हैं।