मां यमुना के जयकारों के साथ खुले यमुनोत्री धाम के कपाट
उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही अक्षय तृतीया पर आज बुधवार 30 अप्रैल को मां यमुना के यमुनोत्री धाम के कपाट भी खोल दिए गए हैं।
यमुना जी की डोली अपने भाई शनि महाराज के साथ सुबह साढ़े आठ बजे खरसाली गांव से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। करीब पांच किमी पैदल चलने के बाद भक्तों के साथ मां की चल विग्रह डोली यमुनोत्री धाम पहुंची।
शुभ मुहूर्त में दोपहर 11 बजकर 57 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट 6 माह के लिए श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है।
यमुनोत्री धाम के कपाट खुले
इससे पहले विशेष पूजा अर्चना के बाद मां यमुना की डोली सैकड़ों स्थानीय एवं विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं के साथ अपने शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव से 6 माह ग्रीष्मकाल के लिए मां यमुना जी के जयकारों साथ यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई।
इससे पहले प्रात: यमुना जी की डोली सोमेश्वर महाराज मंदिर परिसर में पहुंची। वहीं से विदाई के लिए उनके मायके वालों के साथ ही उनके भाई सोमेश्वर महाराज की डोली यमुनोत्री धाम साथ में चली।