बिग ब्रेकिंग: रेखा गुप्ता ने ली दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ। 06 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

रेखा गुप्ता ने ली दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ। 06 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

नई दिल्ली। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के आज शपथ ग्रहण समारोह में रेखा गुप्ता ने दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। रेखा गुप्ता को दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने शपथ दिलाई।

बता दें कि, भाजपा ने 27 सालों बाद दिल्ली में वापसी की है। इस मौके पर पीएम मोदी गृह मंत्री अमित शाह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहें। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी।

06 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

प्रवेश वर्मा सहित छह विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इस सूची में पंकज सिंह, आशीष सूद, रवींद्र इंद्रराज, कपिल मिश्रा और मनजिंदर सिंह सिरसा का नाम शामिल है।

आज देर शाम तक मंत्रालय और उनका पदभार भी सौंपा जा सकता है। पंकज सिंह बिहार के रहने वाले हैं और राजपूत चेहरा हैं। इसके अलावा रविंद्र इंद्राज दलित चेहरा हैं। बीजेपी ने सभी वर्गों को कैबिनेट में जगह दी है।

पीएम मोदी सहित कई बड़े नेता रहे मौजूद

दिल्ली के मुख्यमंत्री के शपथग्रहण कार्यक्रम में पीएम मोदी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। पीएम मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू, जेडीयू से केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। शपथग्रहण कार्यक्रम के दौरान एनडीए नेताओं का जुटान भी देखने को मिला है।

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के बारे में पढ़ें….

रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। वह शालीमार बाग सीट से जीतकर विधायक बनी हैं। बुधवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी है। आज दिल्ली के रामलीला मैदान में उन्होंने सीएम पद की शपथ ली।

रेखा गुप्ता पेशे से एक वकील हैं। इसके अलावा बीजेपी में उनकी गिनती अग्रणी नेताओं में होती है। वो दिल्ली बीजेपी की महासचिव और भाजपा के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा के जींद में हुआ था, लेकिन उनकी शिक्षा-दीक्षा दिल्ली में हुई है।

शपथ ग्रहण के बाद की ‘X’ पर पोस्ट

दिल्ली में नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया हैंडल ‘X’पर पोस्ट कर कहा कि, मा. प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन में ‘विकसित दिल्ली’ के संकल्प के साथ आज मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों की आकांक्षाओं को साकार करने का अवसर है।

माननीय प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास‘ के मंत्र को अपनाते हुए, हम दिल्ली को आधुनिक बुनियादी ढांचे, उत्तम स्वास्थ्य सेवाओं, उत्कृष्ट शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाएंगे।

आप सभी का आशीर्वाद और सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हम सभी मिलकर एक आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध दिल्ली बनाएंगे!