बिग ब्रेकिंग: मानसून सीजन में संबंधित विभागों के अधिकारियों की छुट्टी पर रोक

मानसून सीजन में संबंधित विभागों के अधिकारियों की छुट्टी पर रोक

देहरादून। मानसून सीजन में दैवीय आपदाओं की आशंका के मद्देनजर जनपद देहरादून में संबंधित विभागों के अधिकारियों के अवकाश पर रोक लगा दी गई है। अधिकारियों को विशेष स्थिति में अवकाश के लिए डीएम से इजाजत लेनी होगी।

जिलाधिकारी सोनिका ने बताया कि मानसून के दौरान दैवीय आपदा की घटनाएं बादल फटना, भूस्खलन, सड़कों पर जलभराव, आवासीय परिसरों में वर्षा का पानी घुसने आदि की आशंका रहती है।

इस स्थिति में विभागीय अधिकारियों का तत्काल मौके पर राहत और बचाव के लिए मौजूद रहना अनिवार्य है।

डीएम ने बताया कि, मानसून सीजन में 30 सितंबर तक सम्बन्धित विभागों के जनपद व खंड स्तरीय अधिकारियों को विषय परिस्थितियों को छोड़कर किसी भी प्रकार का अवकाश देय नहीं होगा। अपरिहार्य स्थिति में मुख्यालय छोड़ने से पूर्व जिलाधिकारी की अनुमति ली जानी अनिवार्य होगी।

जिलाधिकारी ने आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव के लिए संबंधित एसडीएम तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, विद्युत, जल संस्थान, जल निगम, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, कृषि एवं उद्यान, पशुपालन आदि के अधिकारियों का अपने-अपने क्षेत्रों में पूर्ण तैयारियों के साथ हर समय उपलब्ध रहने के निर्देश दिए है।