दुःखद: भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत, एक घायल

भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत, एक घायल

नैनीताल जनपद के कालाढूंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। बीती रात (शुक्रवार) को हल्द्वानी रामनगर मार्ग पर अज्ञात वाहन और कार की भीषण भिड़ंत हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।

जानकारी के मुताबिक कालाढूंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दाबका पुल के पास गैबुआ में हल्द्वानी से रामनगर की ओर आ रही मारुति अल्टो कार 04AB 0874 को अज्ञात वाहन ने भीषण टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों के नाम उपेंद्र उर्फ सनी और नवाज खान बताये जा रहे हैं। दोनों ही मृतक हल्द्वानी निवासी बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए रामनगर अस्पताल पहुँचाया। बताया जा रहा है कि कार सवार रामनगर की ओर जा रहे थे। तभी किसी अज्ञात वाहन से उनकी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है।

हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से भाग गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। वहीं हादसे में घायल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

कार में तीन महिलाएं भी सवार थी जिसमें एक रूपा नाम की महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे उपचार के लिये 108 एंबुलेंस के माध्यम से रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय लाया गया।

इसके अलावा कार में दो और महिला योगीता और मीनू भी थी जो हादसे का शिकार होने से बाल बाल बच गयीं।

कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज नयाल और उपनिरीक्षक जोगा सिंह व भुवन जोशी ने अस्पताल पहुंचकर हादसे में सुरक्षित बची महिलाओं से घटना के बारे में जानकारी ली। इस हादसे में घायल रूपा को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर से हल्द्वानी रेफर किया गया है।